हल्द्वानी
हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर भीषण हादसा: रॉन्ग साइड से आए ट्राले ने पर्यटकों की गाड़ी पलटी
हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर बड़ा हादसा! गलत दिशा से आए ट्राले के कारण पर्यटकों की स्कॉर्पियो पलटी। स्थानीय लोगों ने जान पर खेलकर बचाई 4 लोगों की जान। पढ़ें पूरी खबर।
नैनीताल। जिले के हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया। बरेली से आ रहे पर्यटकों की एक स्कॉर्पियो गाड़ी बीच सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे गाड़ी में सवार चार पर्यटक वाहन के नीचे दब गए। यह हादसा मोटाहल्दू के पास छोटा सिडकुल क्षेत्र में घटित हुआ। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पर्यटकों की स्कॉर्पियो बरेली से हल्द्वानी की ओर आ रही थी। तभी अचानक मोटाहल्दू के पास विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से एक भारी भरकम ट्राला सामने आ गया। आमने-सामने की टक्कर से बचने के लिए स्कॉर्पियो चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और हाईवे के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। दर्जनों लोगों ने मिलकर पलटी हुई स्कॉर्पियो को सीधा किया और अंदर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुष्टि की है कि हादसा ट्राला चालक की लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हुआ।
राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि स्टोन क्रशरों से उपखनिज ले जाने वाले भारी वाहन और ट्राले आए दिन ट्रैफिक नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हैं। पिछले दो दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। लोगों ने प्रशासन से माँग की है कि रॉन्ग साइड चलने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।
