Connect with us

हरिद्वार

गीतकार अरुण पाठक की एल्बम ‘इन्द्रधनुष’ लॉन्च, डॉ. निशंक ने किया लोकार्पण

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने गीतकार अरुण पाठक की एल्बम ‘इन्द्रधनुष’ का विमोचन किया। कला और संवेदना के विस्तार पर दिया जोर।

हरिद्वार। धर्मनगरी के बीएचईएल (BHEL) स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में एक भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार अरुण कुमार पाठक के संगीतबद्ध गीतों के संग्रह ‘इन्द्रधनुष’ का लोकार्पण किया। साथ ही, उन्होंने भारतीय संस्कृति की संवाहक पत्रिका ‘चेतना पथ’ के छठे वर्ष के प्रवेशांक का भी विमोचन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. निशंक ने कहा कि एक कलाकार जब अपने जीवन की अनुभूतियों और संवेदनाओं को जीता है, तभी कला का वास्तविक विस्तार होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईश्वर ने जिसे भी साहित्य या कला की योग्यता दी है, उसे समाजहित में उसका वितरण करना चाहिए। डॉ. निशंक के अनुसार, साझा करने से ही सृजन को नई गति मिलती है और कला जीवित रहती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने ‘चेतना पथ’ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में इस संस्था ने पिछले पांच वर्षों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। भेल के कार्यपालक निदेशक बलबीर तलवार ने भी स्वस्थ साहित्य को समाज की समृद्धि के लिए आवश्यक बताया।
लोकार्पण समारोह की शाम सुरीली प्रस्तुतियों से गुलजार रही। विख्यात गायक अनुराग शर्मा और विपुल रुहेला ने अपनी गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, एल्बम ‘इन्द्रधनुष’ के गीतों को सुमन पंत, निपुन जिंदल और उद्भव आर्या ने अपनी आवाज दी। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. भारती मिश्रा ने किया और इसमें शहर की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की।

Select Language

Advertisement