Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पर सीएम धामी सख्त, दो अधिकारी निलंबित, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून में कानून व्यवस्था से जुड़ी घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नाराज। कुठालगेट चौकी इंचार्ज और उप आबकारी निरीक्षक निलंबित। प्रदेशभर में चेकिंग अभियान के निर्देश।

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। देहरादून में हाल ही में हुई एक गंभीर घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुठालगेट चौकी इंचार्ज और एक उप आबकारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशभर में अवांछित तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश डीजीपी को दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। पुष्कर सिंह धामी ने साफ किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार शामिल हैं।
उधर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने एसएसपी देहरादून को पीक ऑवर में गश्त तेज करने और डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ-साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी प्रभावी बनाने को कहा। उन्होंने वीकेंड पर देहरादून को हुड़दंगियों का अड्डा न बनने देने की हिदायत दी।
बैठक में बार और रेस्टोरेंट के क्लोजिंग टाइम को सख्ती से लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने होम स्टे की मैपिंग और निगरानी करने को भी कहा ताकि टूरिज्म के लिए बने होम स्टे का दुरुपयोग बार लाइसेंस लेकर न किया जा सके। किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। धामी सरकार की यह सख्ती राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement