हल्द्वानी
नैनीताल में गुलदार का खौफ: भीमताल के सूर्या गांव में घास लेने गई महिला को मार डाला
नैनीताल के भीमताल ब्लॉक में गुलदार ने हंसी देवी को बनाया अपना निवाला। जंगल में 2 किमी अंदर मिला शव। वन विभाग ने पिंजरा लगाने और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की।
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल वन प्रभाग के अंतर्गत भीमताल ब्लॉक के सूर्या गांव में एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक गुलदार ने घास काटने गई 55 वर्षीय महिला को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम और वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
मृतक महिला की पहचान सूर्या गांव निवासी हंसी देवी (पत्नी लाल सिंह) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हंसी देवी शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे अन्य दिनों की तरह जंगल में घास लेने गई थीं। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। जंगल के किनारे महिला के कपड़े बरामद होने पर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी तलाश के बाद महिला का शव जंगल के अंदर करीब 2 किलोमीटर दूर झाड़ियों से बरामद हुआ। शव की हालत देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बीडीसी सदस्य पंकज सूर्या ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे हमलों से लोग डरे हुए हैं और उन्होंने गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।
मौके पर पहुंचे डीएफओ (DFO) आकाश गंगवार ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि महिला पर हमला गुलदार ने किया है या किसी अन्य जानवर ने, इसकी पुष्टि डीएनए (DNA) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। हालांकि, एहतियात के तौर पर वन विभाग ने क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और पिंजरा लगाने के निर्देश दे दिए हैं। वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं।
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है और जल्द से जल्द मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वन्यजीवों के बढ़ते हमलों ने एक बार फिर पहाड़ के सुरक्षित जीवन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और शाम के समय सतर्क रहें।
