Connect with us

देहरादून

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द को अतीक अहमद की तरह मारने की धमकी, ऑडियो वायरल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द को मिली जान से मारने की धमकी। अतीक अहमद जैसा हश्र करने की बात से मचा हड़कंप।

देहरादून। ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ज्योतिर्मठ के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने खुलासा किया है कि अज्ञात हमलावरों ने शंकराचार्य का हश्र माफिया अतीक अहमद जैसा करने की चेतावनी दी है। इस धमकी के बाद संत समाज और भक्तों में भारी रोष और सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।
मीडिया प्रभारी के अनुसार, शंकराचार्य पिछले काफी समय से देश भर में “गौ माता – राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं। इस आंदोलन का मुख्य लक्ष्य भारत में गौ हत्या को पूर्णतः प्रतिबंधित करना है। इसी कड़ी में आगामी 03 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी ‘गविष्ठी यात्रा’ प्रस्तावित है। आरोप है कि सनातन धर्म के विरोधियों को यह गौ रक्षा आंदोलन रास नहीं आ रहा है, जिसके कारण उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर 1 अप्रैल 2026 को पहले कई टेक्स्ट मैसेज आए। जब उस नंबर को ब्लॉक कर दिया गया, तो 6 अप्रैल को वॉइस मेल के माध्यम से दो ऑडियो संदेश भेजे गए। इन संदेशों में बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि शंकराचार्य का समय अब समाप्त हो गया है। धमकी देने वाले ने स्पष्ट कहा कि “जैसे अतीक अहमद को मारा गया, वैसे ही उन्हें बीच यात्रा में मार दिया जाएगा।”
संजय पांडेय ने बताया कि इन ऑडियो संदेशों में न केवल जान से मारने की धमकी दी गई है, बल्कि बेहद अश्लील गालियों का भी प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर सनातन धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरु पर हमला है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शंकराचार्य के विद्वान अधिवक्ताओं के माध्यम से जल्द ही एफआईआर दर्ज कराकर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन से भी इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की गई है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement