Connect with us

उधमसिंह नगर

सितारगंज में काल बना डंपर: रेहड़ी को मारी जबरदस्त टक्कर, दो सगे भाइयों सहित तीन की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सितारगंज के अमरिया रोड पर डंपर की टक्कर से रेहड़ी सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस फरार डंपर की तलाश में जुटी है।

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। सितारगंज के अमरिया रोड पर गुरुवार रात एक अनियंत्रित डंपर ने जुगाड़ वाहन (रेहड़ी) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में रेहड़ी सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
यह हादसा गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे मलपुरी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुगाड़ वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। रेहड़ी में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शादाब, नाजिम और सुल्तान के रूप में हुई है। ये सभी सितारगंज के गौरीखेड़ा निवासी थे। विशेष रूप से, शादाब और नाजिम सगे भाई थे, जिनकी मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में घायल 15 वर्षीय किशोर को सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। आक्रोशित लोगों ने डंपर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड और तेज रफ्तार डंपर काल बनकर दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात डंपर की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement