देहरादून
दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन: अब 2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून! पीएम मोदी का भव्य रोड शो
पीएम मोदी आज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। 12,000 करोड़ की लागत से बना यह एक्सप्रेस-वे सफर को आसान बनाएगा। पढ़ें पूरी कवरेज और शेड्यूल।
देहरादून। उत्तराखंड और दिल्ली के बीच सफर करने वालों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का विधिवत लोकार्पण करेंगे। इस आधुनिक एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से अब देहरादून से दिल्ली की दूरी महज ढाई घंटे में तय की जा सकेगी।
प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 10.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जिसके बाद वे गणेशपुर-सहारनपुर के लिए रवाना होंगे। वहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के पश्चात प्रधानमंत्री मां डाटकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। लोकार्पण के बाद पीएम मोदी देहरादून में एक विशाल रोड शो और जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत 213 किलोमीटर लंबा मार्ग और 12,000 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत है। यह एक्सप्रेस-वे न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। इसमें एशिया का सबसे लंबा 12 किमी का वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर भी शामिल है, जो पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तैयारियों का जायजा लेते हुए इसे उत्तराखंड के विकास के लिए एक ‘ऐतिहासिक दौरा’ करार दिया है। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का यह उत्तराखंड का 28वां दौरा है, जिसे लेकर जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। एक्सप्रेस-वे के शुरू होते ही न केवल समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और आर्थिक अवसरों में भी बड़ी क्रांति आने की उम्मीद है।
