अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
नोएडा का बड़ा जालसाज बनबसा सीमा पर गिरफ्तार, 22 मुकदमों में था वांछित
बनबसा में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और SSB ने नोएडा के वांछित धोखाधड़ी आरोपी सत्येंद्र सिंह भसीन को गिरफ्तार किया। आरोपी से फर्जी दस्तावेज और नकदी बरामद।
बनबसा (चंपावत): उत्तराखंड के चंपावत जनपद अंतर्गत भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस, एसएसबी (SSB) और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने नोएडा के एक बड़े धोखाधड़ी मामले में वांछित चल रहे आरोपी को बनबसा सीमा से दबोच लिया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, कैनाल गेट चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान नेपाल से लौट रही एक संदिग्ध इनोवा कार को शारदा बैराज पुल के पास रोका गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर कार सवार व्यक्ति की पहचान सत्येंद्र सिंह भसीन पुत्र जसवंत सिंह भसीन के रूप में हुई। आरोपी पश्चिमी दिल्ली का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
गिरफ्तार आरोपी नोएडा वेनिस मॉल का स्वामी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार फर्जी पहचान पत्र, एक एप्पल आईपैड, चार मोबाइल फोन, एक पेन ड्राइव और 30,540 रुपये बरामद किए हैं। बनबसा कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि एसपी रेखा यादव के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए थी।
आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी के लगभग 22 मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने निवेश के नाम पर दो फर्जी कंपनियां खोली थीं, जिनके माध्यम से उसने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की जालसाजी की। पिछले दो दिनों से उत्तर प्रदेश और चंपावत पुलिस संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम देने में जुटी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और अन्य फर्जीवाड़ों का खुलासा हो सके। इस गिरफ्तारी को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम माना जा रहा है। पकड़े गए आरोपी को अब संबंधित न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
