हरिद्वार
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: हरिद्वार में 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद
उत्तराखंड STF की ANTF टीम ने हरिद्वार के लंढौरा से 18,000 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस की यह बड़ी कामयाबी है।
हरिद्वार। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए संचालित “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) देहरादून टीम ने हरिद्वार के लंढौरा क्षेत्र में छापेमारी कर 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन कैप्सूलों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशों पर एसटीएफ लगातार नशे के सौदागरों के खिलाफ शिकंजा कस रही है। मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ टीम ने लंढौरा क्षेत्र में घेराबंदी कर इस खेप को पकड़ा। बरामद माल में ‘Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride & Dicyclomine Hydrochloride’ जैसे सॉल्ट शामिल हैं, जो प्रतिबंधित नशीली दवाओं की श्रेणी में आते हैं।
पुलिस ने मौके से नशीली दवाओं के साथ एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UK08AF5637) भी कब्जे में ली है। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। एसटीएफ अब इस तस्करी के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड’ लिंक खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उ०नि० दीपक मेठाणी और हे०का० देशराज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबरों पर दें।
एसटीएफ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।
