चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
टिहरी में ऑनर किलिंग: प्रेम प्रसंग में दलित युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या
उत्तराखंड के टिहरी में प्रेम प्रसंग के चलते 18 वर्षीय दलित युवक केतन लाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या। इलाके में भारी तनाव, केस दर्ज।
टिहरी। गढ़वाल से ऑनर किलिंग का एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ प्रतापनगर क्षेत्र के लंबगांव में प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के परिजनों ने एक 18 वर्षीय दलित युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापनगर के देवल गांव निवासी मृतक केतन लाल की पड़ोसी गांव खोलगढ़ की एक नाबालिग युवती से पिछले छह महीने से मित्रता थी। जब इस बात की भनक युवती के परिजनों को लगी, तो वे बेहद नाराज हो गए। आरोप है कि रविवार रात करीब 11 बजे नाबालिग युवती ने फोन कर केतन को अपने गांव बुलाया, जहाँ वह अपने दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ पहुंचा था।
खोलगढ़ गांव पहुंचते ही युवती के परिजनों ने केतन और उसके दोस्त दिवाकर को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद परिजनों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें रातभर बेरहमी से पीटा। सोमवार सुबह जब परिजन केतन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जा रहे थे, तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिवाकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
इस बर्बर हत्याकांड के बाद गुस्साए ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने केतन के पिता धनपाल लाल की तहरीर पर मुख्य आरोपी यशवीर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंबगांव के प्रभारी थानाध्यक्ष शिवराम ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
