चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
उत्तरकाशी के पुरोला में शर्मनाक घटना, खेल रही मासूम बच्ची के साथ नाबालिग ने किया दुराचार
उत्तरकाशी जिले के पुरोला ब्लॉक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मंदिर में खेल रही एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार की घटना को अंजाम दिया गया।
उत्तरकाशी। जिले के पुरोला ब्लॉक से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के एक गांव में छठी कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय किशोर पर चौथी कक्षा की 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार करने का गंभीर आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित बच्ची के पिता ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह पूरी घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब बच्ची की माँ पास के ही एक गांव में आयोजित मेले में गई हुई थी और पिता मजदूरी के काम पर गए थे। इस दौरान बच्ची और आरोपी किशोर गांव के ही एक मंदिर परिसर में खेल रहे थे। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर किशोर मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर मंदिर के पिछले हिस्से में ले गया और वहाँ उसके साथ इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
इस खौफनाक मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के पिता शाम को मजदूरी कर घर वापस लौटे। उन्होंने अपनी बेटी को लहूलुहान और गंभीर हालत में देखा। जब परिजनों ने प्यार से पूछताछ की, तो डरी-सहमी बच्ची ने अपने साथ हुई इस पूरी आपबीती को बयां किया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए पिता उसे तुरंत उपजिला चिकित्सालय पुरोला लेकर पहुंचे और इसके साथ ही स्थानीय पुलिस को मामले की तुरंत सूचना दी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुरोला के थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत ने मीडिया को बताया कि मामले में शामिल पीड़ित और आरोपी दोनों ही नाबालिग हैं। पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर पोक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, वहीं बच्ची को बेहतर इलाज और मेडिकल जांच के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
