अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बागेश्वर में सनसनीखेज वारदात: शराब के नशे में विवाद के बाद व्यक्ति की संदिग्ध मौत
बागेश्वर के गोगीनापानी में दुकान के बाहर विवाद के बाद 40 वर्षीय गोपाल राम की मौत। स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
बागेश्वर। जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर गोगीनापानी गांव के पास 40 वर्षीय गोपाल राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दो पक्षों के बीच भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर गोपाल राम, पुष्कर और जीवन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद आपस में विवाद शुरू हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान धक्का लगने से गोपाल राम सड़क पर गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। घटना के बाद मृतक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतक गोपाल राम अविवाहित था और उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका एक भाई दिल्ली में काम करता है। घटना स्थल मुख्य सड़क पर होने के कारण गांव में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पुलिस उपाअधीक्षक अजय साह और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मामले की हर कोण से जांच जारी है। दुकान संचालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
