Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

पौड़ी गढ़वाल में युवक ने सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, एक्स गर्लफ्रेंड पर केस दर्ज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पौड़ी गढ़वाल में 25 वर्षीय आकाश ने प्रेम संबंध टूटने पर सुसाइड कर लिया। मौत से पहले रिकॉर्ड वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवती पर केस दर्ज किया।

पौड़ी गढ़वाल। जिला मुख्यालय स्थित पौड़ी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। 25 वर्षीय युवक आकाश नयाल ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद युवक के मोबाइल से मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो बरामद हुआ है। इस वीडियो में उसने अपनी पूर्व प्रेमिका पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए अपना दर्द साझा किया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को आकाश के मोबाइल से एक संवेदनशील वीडियो मिला, जिसमें उसने चार साल पुराने प्रेम संबंध के टूटने और मानसिक तनाव का जिक्र किया था। परिजनों के अनुसार, रिश्ता टूटने के बाद से ही आकाश काफी परेशान चल रहा था और खुद को संभाल नहीं पा रहा था।
मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आया जब आकाश के पिता लक्ष्मण सिंह नयाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों के आरोपों और तहरीर के आधार पर पौड़ी कोतवाली पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और अन्य तथ्यों को ध्यान में रखकर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े असली कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।

Select Language

Advertisement