उत्तराखण्ड
सीएम धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ मंजूर किए
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में मंदिर सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण और आपदा राहत के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बुनियादी ढांचे के विकास, धार्मिक पर्यटन के संवर्धन और आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सीएम ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से पिथौरागढ़, चंपावत, पौड़ी, अल्मोड़ा, उधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों को सीधी सौगात मिलेगी।
स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित सिरड-नाघर तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 79.87 लाख रुपये और चंपावत में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी की मूर्ति स्थापना हेतु 32.49 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा, चंपावत के सेलागाड से कोटकेन्द्री संपर्क मार्ग और मैरोली एवं बड़पास में इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्गों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। राजधानी देहरादून के पास बीजापुर नहर के हेड का सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण भी अमृत योजना के तहत 4.95 करोड़ से किया जाएगा।
प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंदिरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत पिथौरागढ़ के प्रसिद्ध मोस्टामानू मंदिर, कुशैल स्थित सैम मंदिर, पौड़ी के बाल कुंवारी माता मंदिर, अल्मोड़ा के भीमादेवी एवं मल्ली मनीला मंदिर तथा गदरपुर के मंदिरों व धर्मशालाओं के निर्माण के लिए बजट का बड़ा हिस्सा जारी किया गया है। इन परियोजनाओं से स्थानीय धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर भी सरकार ने राहत पहुंचाते हुए उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी तहसील स्थित धराली गांव के प्रभावितों के लिए कदम उठाया है। प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों के 13 प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1.21 करोड़ रुपये (समायोजन के बाद) स्वीकृत किए गए हैं। इस फैसले से आपदा पीड़ितों को पुनर्वास में बड़ी मदद मिलेगी।
