उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की बहार, पुलिस व फारेस्ट गार्ड समेत बंपर भर्तियां
उत्तराखंड कार्मिक विभाग ने बेरोजगार संघ को लिखित आश्वासन दिया है। पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, जेई-एई और ऊर्जा निगमों में जल्द बंपर भर्तियां शुरू होंगी।
देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बेहद बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में जल्द ही बंपर पदों पर सीधी भर्तियां शुरू होने जा रही हैं। शासन के कार्मिक विभाग ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता का आधिकारिक कार्यवृत्त जारी करते हुए सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया है।
अपर सचिव कार्मिक गिरधारी सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बेरोजगार संघ ने भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी पर कई सवाल उठाए थे। इसके जवाब में शासन ने उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक के फैसलों के अनुसार जेई और एई भर्ती का अंतिम पाठ्यक्रम जारी कर दिया गया है। संबंधित विभागों से एक सप्ताह के भीतर भर्ती प्रस्ताव मांगे गए हैं, जिन्हें दो सप्ताह के अंदर लोक सेवा आयोग को प्रेषित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत राज्य में 1000 पदों पर फॉरेस्ट गार्ड भर्ती की नई विज्ञप्ति जल्द जारी की जा रही है। इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस में 1500 पुरुष कांस्टेबल, 350 महिला कांस्टेबल के अलावा दरोगा, आबकारी निरीक्षक, बंदी रक्षक और अन्य वर्दीधारी पदों पर भी तेजी से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऊर्जा निगमों में भी तकनीशियन ग्रेड और ड्राफ्टसमैन समेत खाली पदों पर भर्तियों का ब्यौरा एक सप्ताह के भीतर तलब किया गया है।
अन्य विभागों में लंबे समय से खाली पड़े लाइब्रेरियन और एलटी शिक्षक भर्ती के प्रस्ताव भी शीघ्र आयोगों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। कार्मिक सचिव शैलेश बगौली ने स्पष्ट किया है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी रिक्त पदों पर पारदर्शी तरीके से तेजी से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त आईटीआई अनुदेशक भर्ती को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की बात यह है कि लोक सेवा आयोग (UKPSC) और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) जल्द ही अपना नया परीक्षा कैलेंडर जारी करेंगे। आयोग दिसंबर तक आयोजित होने वाली सभी भर्ती परीक्षाओं की तिथियां इस कैलेंडर में घोषित करेंगे। शासन के इस लिखित आश्वासन के बाद नौकरी की आस लगाए बैठे युवाओं में नए उत्साह का माहौल है।
