उधमसिंह नगर
नानकमत्ता पहुंचे सीएम धामी: सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता के लिए किया श्रमदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका और स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। जानिए पूरा समाचार।
नानकमत्ता। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में पहुंचकर स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और प्रदेशवासियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले मुख्यमंत्री ने पवित्र गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में शीश नवाया और राज्य के नागरिकों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की पवित्रता और सफाई बनाए रखना हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पूरे प्रदेश में सेवा, जनभागीदारी और नवाचार से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अस्पतालों में निरंतर स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने अपील की कि स्वच्छता किसी एक दिन के अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि हर नागरिक इसमें अपना योगदान दे।




