Connect with us

उधमसिंह नगर

भाजपा के पूर्व विधायक चीमा के बिगड़े बोल, कहा गर्म तासीर वाला खाना खाने से यौन और महिला अपराध बढ़ रहे

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर। भाजपा के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा की जुबान एक बार फिर फिसल गई। पूर्व में उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म के पीछे महिलाओं का छोटा पहनावा जिम्मेदार है। अब उन्होंने कहा है कि गर्म तासीर वाला खाना खाने से यौन और महिला अपराध बढ़ रहे हैं।
मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि महिला हिंसा और दुष्कर्म का मुख्य कारण आज इन्सान की गर्म तासीर वाली चीजों का खुराक में बढ़ोतरी होना है। कहा कि इन्सान जानवरों जैसा हो गया है। कहा-आज भाई-बहन, चाचा-भतीजी सभी रिश्ते खत्म होते जा रहे हैं।
चीमा ने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही हिंसा और दुष्कर्म को रोकने के लिए स्कूली शिक्षा में एक विषय ऐसा होना चाहिए जो इन अपराधों के प्रति उन्हें जागरूक करे। कहा कि हमारी सरकार ने जो लिव इन रिलेशनशिप कानून बनाया है वह विदेशों की नकल है। लिव इन रिलेशनशिप कानून भारत के संस्कारों के अनुरूप नहीं है।
चीमा ने कहा कि हमारे लीडर वही भाषा बोलते हैं, जो जनता बोलती है, जबकि लीडर की भाषा निर्देशनुमा होनी चाहिए। देश की आबादी नियंत्रित किए जाने के प्रति हमारी लीडरशिप की सोच अच्छी है लेकिन क्रियाशील न होने से महिलाओं को हिंसा एवं दुष्कर्म जैसी यातनाओं से गुजरना पड़ता है।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप को इसलिए लाया गया ताकि जो बच्चे गलत शादियों में रह रहे हैं, उन्हें लीगल फॉर्म में लाया जाए। यह कोई गलत चीज नहीं है। कहा कि महिलाओं के प्रति भेदभाव न हो, इसके लिए परिवार के बीच ऐसे संबंध होने चाहिए कि माता-पिता को बच्चों के बारे में पता होना चाहिए। इसके लिए एक समय का भोजन पूरे परिवार को एक साथ करना चाहिए। विधायक ने कहा कि राहुल गांधी वाशिंगटन डीसी. में जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं। वह कह रहे कि हमारी मैन्यूफैक्चरिंग सही नहीं है। चीन हमसे आगे निकल गया है। आरएसएस की आइडियोलॉजी सही नहीं है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता दीपक बाली ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता अगर किसी महिला के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़ के आरोप में घिर गया तो पार्टी ने उसे तत्काल हटाकर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की है। कहा कि कांग्रेस सरकार को घेरने और बदनाम करने के लिए प्रदर्शन कर रही है। पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार, दुष्कर्म व हत्या के मुद्दों को हमारी सरकार गंभीरता से ले रही है। विपक्षी दल इस मुद्दे को भुना रही है। वहां प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, भाजपा के प्रदेश मंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement