अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
97% अंक प्राप्त कर भूमिका काण्डपाल ने बीयरशिवा स्कूल में किया टॉप, बनी प्रेरणा का स्रोत
अल्मोड़ा। बीयरशिवा स्कूल की छात्रा भूमिका काण्डपाल ने सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा में 97% अंक प्राप्त कर स्कूल टॉप किया है। अपनी इस शानदार सफलता से भूमिका ने न केवल अपने परिवार, बल्कि विद्यालय और समूचे क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा किया है।
भूमिका बताती हैं कि उन्हें शुरू से ही विश्वास था कि उनका नाम टॉपर्स की सूची में अवश्य आएगा। उन्होंने पढ़ाई के दौरान मोबाइल और टेलीविजन से दूरी बनाई रखी तथा प्रतिदिन 4-5 घंटे गंभीरता से अध्ययन किया। उनका मानना है कि कठिन विषयों पर पहले ध्यान देना चाहिए और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
भूमिका ने प्रत्येक अध्याय को गहराई से समझा और उन्हें बार-बार दोहराया। उनका सपना एक डॉक्टर बनने का है और इस लक्ष्य को पाने के लिए वह पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रयासरत हैं।
भूमिका के पिता राजेन्द्र काण्डपाल कोषागार विभाग में कार्यरत हैं जबकि माता दीपा काण्डपाल स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रही हैं। उनके छोटे भाई पार्थ शारदा स्कूल में कक्षा 5 का छात्र है। भूमिका की इस उपलब्धि से उनके दादा बाला दत्त काण्डपाल भी अत्यंत प्रसन्न हैं।
भूमिका अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और अपनी निरंतर मेहनत को देती हैं। उनका संघर्ष और समर्पण अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
