हल्द्वानी
हल्द्वानी: वार्ड 29 और 30 में जन सुविधा शिविर आयोजित, नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान
हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु नियमित रूप से वार्डवार जन सुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के वार्ड संख्या 29 और 30 में जन सुविधा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन उत्तर उजाला चौक, हल्द्वानी में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर के दौरान नागरिकों द्वारा मुख्य रूप से आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत व नई लाइट लगाए जाने की माँग, राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने तथा नए कार्ड जारी करने जैसे मुद्दे उठाए गए। अधिकारियों ने कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिविर में आधार सेवा से संबंधित कुल 52 नए और संशोधित आधार कार्ड बनाए गए। पूर्ति विभाग से जुड़े 04 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड बनाए जाने और नाम जोड़ने संबंधी प्रार्थनापत्र सम्मिलित थे। इन सभी का निस्तारण वहीं पर किया गया। इसके अलावा, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण हेतु भी आवेदन प्राप्त हुए।
जन सुविधा शिविर में सिटी मजिस्ट्रेट श्री गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त श्री जी. के. भट्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड 29 के पार्षद श्री लैइक अहमद और वार्ड 30 की पार्षद श्रीमती ताहिरा खातून मौजूद रहे।
इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपने ही वार्ड में वन-स्टॉप सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण जैसी सेवाओं के साथ नगर निगम व पूर्ति विभाग की समस्याओं का समाधान शीघ्र हो सके। शिविरों से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास मजबूत हो रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
