Connect with us

देहरादून

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान व देखभाल को समर्पित योजनाएं : रुद्रपुर में बनेगा मॉडल वृद्धाश्रम

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए उनके सम्मान और देखभाल के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के स्तंभ हैं, जिनके आशीर्वाद और अनुभव से समाज को नई दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी जनपदों में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रम स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रदेश में छह लाख बुजुर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है। पेंशन की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके साथ ही इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य भी रखा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों को सम्मानित कर ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प’ दिलाया। इसके अलावा उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण किया और वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन व वॉकथॉन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बनाना है। उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement