चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
चमोली में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन विष्णुगाड सुरंग में दो लोको ट्रेनों की टक्कर, 60 मजदूर घायल
चमोली में टीएचडीसी की सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनों की भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में 60 कर्मचारी घायल हो गए हैं। जिलाधिकारी और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ टीएचडीसी (THDC) की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग के अंदर देर रात दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस भीषण हादसे में करीब 60 कर्मचारी और मजदूर घायल हुए हैं। घटना के वक्त सुरंग के भीतर 100 से अधिक लोग काम कर रहे थे।
यह हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे पेश आया। अलकनंदा नदी पर बन रही 444 मेगावाट की इस परियोजना में काम तेज करने के लिए भारी मशीनें लगी थीं। सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां चीख-पुकार मच गई और तुरंत निर्माण कार्य रोक दिया गया।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 60 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायलों में से 42 मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है। वहीं, 17 अन्य घायलों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार के सख्त निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद परियोजना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और टनल बोरिंग मशीन (TBM) के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
