चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
पौड़ी के बाड़ा गांव में गुलदार ने अधेड़ को उतारा मौत के घाट, क्षेत्र में दहशत
पौड़ी के बाड़ा गांव में गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत। गुस्साए ने अधिकारियों का घेराव किया। वन विभाग ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर शूटर तैनात किए।
पौड़ी गढ़वाल। जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के अंतर्गत आने वाले बाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक आदमखोर गुलदार ने एक अधेड़ व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण शाही के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल के निवासी थे और यहाँ मिस्त्री का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब छह बजे की है। लक्ष्मण शाही पास के ही धारे (प्राकृतिक जल स्रोत) से नहाकर घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। गुलदार उन्हें घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र में पिछले 40 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद जब संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी और डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव टीम के साथ मौके पर पहुँचे, तो ग्रामीणों ने उनका जोरदार घेराव किया। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार हो रहे हमलों के बावजूद विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए। ग्रामीणों ने मांग की कि गुलदार को तुरंत नरभक्षी घोषित किया जाए और उसे मारने के लिए शूटर तैनात किए जाएं।
बढ़ते दबाव और घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने आधिकारिक तौर पर गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया है। डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि गांव में वन विभाग की गश्ती टीम और शूटरों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही, ग्रामीणों को शाम के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। विभाग अब इस आदमखोर को पकड़ने या ढेर करने के लिए पिंजरे और कैमरों की मदद ले रहा है।
