हल्द्वानी
हल्द्वानी में 62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी पुलिस और SOG ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन के तहत 207 ग्राम स्मैक बरामद की। शाहजहांपुर कनेक्शन का खुलासा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 62 लाख रुपये।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025-26’ को सफल बनाने के संकल्प के साथ नैनीताल पुलिस ने नशे के सौदागरों पर करारा प्रहार किया है। हल्द्वानी की मुखानी पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 207 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह कामयाबी मिली। गिरफ्तार आरोपियों में से एक धनपाल काठगोदाम का रहने वाला है, जिसके पास से 125 ग्राम स्मैक मिली। वहीं दूसरा आरोपी रामचन्द्र उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर (तिलहर) का निवासी है, जिसके कब्जे से 82 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ मोटा मुनाफा कमाने के लिए यूपी के शाहजहांपुर से स्मैक लाकर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेप का मुख्य सरगना कौन है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद समेत एसओजी के कई जांबाज सिपाही शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नशे के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि देवभूमि को पूरी तरह ड्रग्स मुक्त बनाया जा सके।
