अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
भिकियासैंण: लावारिस पिकअप में मिले दो अज्ञात शव, इलाके में सनसनी
अल्मोड़ा के भिकियासैंण (जैनल) में सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस को मौके से 52 हजार रुपये मिले हैं। पूरी खबर पढ़ें।
अल्मोड़ा। जनपद के भिकियासैंण तहसील के अंतर्गत जैनल क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक लावारिस पिकअप में दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिले। ग्रामीणों ने लंबे समय तक वाहन को एक ही स्थान पर खड़े देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पास जाकर देखने पर वाहन के भीतर दो लोग अचेत अवस्था में पाए गए।
स्थानीय निवासियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन का निरीक्षण किया और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मृतकों की जेब से लगभग 52 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है, जिससे शिनाख्त में मुश्किल आ रही है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि जिस वाहन (UP 20 CT 0048) में शव मिले हैं, वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पंजीकृत है। वाहन के भीतर एक जला हुआ पेट्रोमैक्स (गैस लाइट) भी पाया गया है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि बंद गाड़ी में गैस के कारण दम घुटने से दोनों व्यक्तियों की मौत हुई होगी।
पुलिस अब वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मृतकों की पहचान के लिए बिजनौर पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
