Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़: मौत के जबड़े से बेटे को खींच लाया पिता, गुलदार के हमले में 10 साल का बच्चा घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ के जाजरदेवल में गुलदार ने 10 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। जांबाज पिता ने लाठी के दम पर गुलदार को खदेड़ा। जिला अस्पताल में घायल बच्चे का इलाज जारी है।

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के जाजरदेवल क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गुलदार के हमले से हड़कंप मच गया। जीवी क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बालक प्रकाश बिष्ट पर गुलदार ने उस समय हमला किया जब वह अपने कमरे से रसोई की ओर जा रहा था। इस दौरान बच्चे के पिता मान सिंह बिष्ट ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लाठी से हमला कर गुलदार को भागने पर मजबूर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल मूल के मान सिंह बिष्ट का परिवार जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर जीवी क्षेत्र में रहता है। मंगलवार शाम करीब छह बजे उनका बेटा प्रकाश खाना खाने के लिए रसोई की तरफ जा रहा था। तभी अंधेरे में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। बच्चे की चीख सुनते ही पास में मौजूद पिता बिना डरे लाठी लेकर मौके की ओर दौड़ पड़े।
पिता मान सिंह ने बिना समय गंवाए गुलदार पर लाठी से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए इस जवाबी हमले से घबराकर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। लहूलुहान हालत में प्रकाश को तुरंत जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया। यहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. अमन आलम ने घायल बच्चे का प्राथमिक उपचार किया और उसे वार्ड में भर्ती किया।
डॉक्टरों के अनुसार, गुलदार के हमले में बच्चे के चेहरे और नाक पर गहरे घाव आए हैं। हालांकि, समय पर उपचार मिलने के कारण अब बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आदमखोर होते गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement