नैनीताल
रामनगर में ‘नकली किन्नरों’ का भंडाफोड़: जबरन वसूली करते पकड़े गए, मिली चेतावनी
रामनगर में बधाई के नाम पर अवैध वसूली कर रहे दो संदिग्धों को किन्नर समाज ने रंगेहाथ पकड़ा। भदोही के रहने वाले ये आरोपी खुद को किन्नर बताकर लोगों को ठग रहे थे।
रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर में बधाई के नाम पर लोगों से जबरन पैसे वसूलने वाले दो संदिग्धों को स्थानीय किन्नर समाज ने रंगेहाथ पकड़ लिया। कोसी बैराज स्थित पार्क में खुद को किन्नर बताकर लोगों को परेशान कर रहे इन ठगों को किन्नर समाज की गुरु रेशमा के नेतृत्व में पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उन्हें सख्त चेतावनी देकर शहर से बाहर खदेड़ दिया गया है।
किन्नर समाज की गुरु रेशमा ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग किन्नरों का वेश धरकर राहगीरों और दुकानदारों से बदतमीजी कर पैसे मांग रहे हैं। जब समाज के असली सदस्य मौके पर पहुँचे, तो उनकी पोल खुल गई। पकड़े गए दोनों व्यक्ति उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी निकले, जिनमें से एक महिला है।
जांच में यह भी सामने आया कि ये आरोपी पहले रोडवेज बस स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल चुके थे। गुरु रेशमा ने स्पष्ट रूप से कहा कि ये लोग असली किन्नर नहीं हैं और इनकी हरकतों की वजह से पूरे समाज की छवि खराब हो रही थी। उन्होंने बताया कि असली किन्नर समाज कभी भी लोगों को डराकर या जबरन वसूली नहीं करता है।
गुरु रेशमा ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बहरुपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए जो धर्म और पहचान की आड़ में अपराध कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति किन्नर बनकर जबरदस्ती करे, तो तुरंत पुलिस या स्थानीय किन्नर समाज को सूचित करें। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
