Connect with us

नैनीताल

नैनीताल में गुलदार का खौफ: चारा लेने गई महिला को बनाया निवाला, इलाके में दहशत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल के भीमताल में गुलदार ने 60 वर्षीय गंगा देवी की जान ले ली। एक महीने में छठी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश। वन विभाग ने पिंजरा लगाने के दिए निर्देश।

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में आदमखोर गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। भीमताल के जून स्टेट इलाके में सोमवार को मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। सोमवार रात भर लापता रहने के बाद मंगलवार सुबह महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल से बरामद हुआ है।
मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय गंगा देवी, पत्नी राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गंगा देवी सोमवार सुबह करीब 9 बजे घास लेने जंगल गई थीं, लेकिन जब वे देर रात तक घर नहीं लौटीं, तो ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। रात भर चले तलाशी अभियान के बाद सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में उनका शव मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुलदार ने महिला के शरीर के अंगों को बुरी तरह नुकसान पहुँचाया था। इस घटना के बाद से पूरे भीमताल क्षेत्र में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पिछले एक महीने के भीतर बाघ और गुलदार के हमले की यह छठी घटना है, लेकिन प्रशासन ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
मौके पर पहुँचे एसडीएम (SDM) नवाजिश खालिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने वन विभाग को प्रभावित इलाके में तुरंत पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और शाम ढलने से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुँच जाएं।

Select Language

Advertisement