Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार हत्याकांड का खुलासा: बहन पर गंदी टिप्पणी करने पर दोस्त ने पत्थर से कुचला सिर

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के कनखल में श्रीयंत्र पुलिया के पास मिले कुनाल के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई। दोस्त ने बहनों पर अभद्र टिप्पणी के गुस्से में की हत्या, मथुरा से गिरफ्तार।

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि इस हत्याकांड को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के ही करीबी दोस्त ने अंजाम दिया था। आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि बहनों पर की गई गंदी टिप्पणी के कारण उसने पत्थर से सिर कुचलकर अपने दोस्त की जान ले ली।
शराब के ठेके की सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास एक अज्ञात युवक का खून से सना शव पड़ा है। मृतक की पहचान 15 वर्षीय कुनाल निवासी रामपुर रायघाटी, लक्सर (हाल निवासी कनखल) के रूप में हुई। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच टीमों का गठन किया। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान कुनाल को एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ शराब खरीदते हुए देखा गया, जो इस मर्डर मिस्ट्री का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
मथुरा से दबोचा गया मुख्य आरोपी
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ शिवम को मथुरा से गिरफ्तार किया। अरविंद मूल रूप से यूपी के गोवर्धनपुर का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था। घटना के बाद से वह फरार था, जिसके कारण पुलिस का शक उस पर गहरा गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मथुरा में दबोच लिया।
विवाद और हत्या की खौफनाक वजह
पूछताछ में अरविंद ने बताया कि 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में कुनाल ने अरविंद की बहनों पर बेहद अभद्र टिप्पणियां कीं और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि कुनाल ने उसे थप्पड़ भी मार दिए। इसी अपमान और गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य बरामद और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक कुनाल का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वारदात के बाद अरविंद वहां से फरार हो गया था और छिपने के लिए मथुरा चला गया था। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सक्रियता की प्रशंसा की जा रही है।

Select Language

Advertisement