हल्द्वानी
हल्द्वानी फायरिंग कांड: SSP मंजूनाथ टी.सी. का एक्शन, 3 आरोपी असलहों के साथ गिरफ्तार
हल्द्वानी के कालाढूंगी में फायरिंग करने वाले 3 बदमाशों को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 2 पिस्टल और तमंचा बरामद। एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया इनाम।
हल्द्वानी/कालाढूंगी: नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बड़ा एक्शन लिया है। बैलपड़ाव क्षेत्र में बीते 14 फरवरी की रात हुई फायरिंग और मारपीट की घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस ने अवैध हथियारों के जखीरे के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, 14 फरवरी की रात बैलपोखरा तिराहे के पास पुरानी रंजिश को लेकर रंजीत सिंह और उसके साथियों ने लवप्रीत सिंह के गुट पर फायरिंग की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, जहां से 13 खोखे बरामद हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार, 20 फरवरी को कालाढूंगी पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर गडप्पू बैरियर के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों—गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों की हरभजन नाम के व्यक्ति से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी और एसओजी प्रभारी राजेश जोशी सहित अन्य जांबाज सिपाही शामिल रहे।
