Connect with us

देहरादून

देहरादून: शिक्षा निदेशालय में भारी बवाल, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के शिक्षा निदेशालय में अशासकीय स्कूलों के विवाद के दौरान निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला। सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें। पुलिस जांच में जुटी।

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी स्थित नानुरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ लोगों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में निदेशक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमले के बाद निदेशालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और आनन-फानन में घायल निदेशक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधन से जुड़े कुछ प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। चर्चा के दौरान निदेशालय के कर्मचारियों और प्रबंधन प्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने आपा खो दिया और सीधा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद थे, जो प्रबंधन के सदस्यों के साथ वार्ता के लिए पहुंचे थे। विवाद के दौरान हुई मारपीट में निदेशक को लहूलुहान देख कर्मचारी आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
इस घटना के बाद समूचे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय परिसर में वरिष्ठ अधिकारी पर ऐसा हमला सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement