Connect with us

देहरादून

गैरसैंण बजट सत्र Day 3: विधानसभा में हंगामे के बीच बजट पर चर्चा, खिलाड़ियों को नौकरी और नए स्टेडियम का ऐलान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन गैरसैंण में सुराज सेवा दल का प्रदर्शन। खेल मंत्री रेखा आर्य ने पदक विजेताओं को नौकरी और नए स्टेडियम की घोषणा की।

गैरसैंण। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चल रहे पांच दिवसीय बजट सत्र का आज तीसरा दिन बेहद गहमागहमी भरा रहा। सदन के भीतर जहाँ बजट और विधेयकों पर गहन चर्चा हुई, वहीं सदन के बाहर ‘गैरसैंण को स्थाई राजधानी’ बनाने की मांग को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने कार्यमंत्रणा समिति से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह का इस्तीफा मंजूर न करते हुए उन्हें समिति का हिस्सा बनाए रखने का निर्णय लिया।
सत्र के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने राज्य के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया के सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि 2013 से 2023 तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी दी गई है और वर्तमान में भी नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही, कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला की मांग पर सरकार ने पीपलकोठी के सेमल डाला मैदान में खेल स्टेडियम निर्माण की घोषणा कर खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात दी है।
सदन के बाहर सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब सुराज सेवा दल और यूकेडी (UKD) के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा कूच का प्रयास किया। दिवालीखाल पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार पलायन रोकने और गैरसैंण को स्थाई राजधानी घोषित करने में विफल रही है। यूकेडी नेता आशीष नेगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ तो वे नेताओं की घेराबंदी करेंगे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement