Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: शादी के दिन दूल्हे पर दुष्कर्म का केस, हाथों में मेहंदी रचाकर थाने पहुंचा प्रेमी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर में सनसनीखेज मामला! प्रेमी ने प्रेमिका को धोखा देकर रचाई दूसरी शादी। बारात जाने से ठीक पहले प्रेमिका पहुंची पुलिस के पास, दूल्हे पर केस दर्ज।

रुद्रपुर ।शहर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को अपनी प्रेमिका को धोखा देकर दूसरी शादी करना भारी पड़ गया। जिस वक्त घर में खुशियों का माहौल था और दूल्हा अपने हाथों में मेहंदी रचा रहा था, ठीक उसी वक्त पुलिस का फोन घनघना उठा। प्रेमी की बेवफाई से नाराज प्रेमिका ने शादी के ऐन वक्त पर पुलिस में दुष्कर्म की प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी।
यह मामला रुद्रपुर के बाजार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी रोहित कुमार का पिछले चार वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीड़िता का आरोप है कि रोहित ने उससे शादी करने का वादा किया था और इसी झांसे में आकर उसने शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन रोहित ने उसे बिना बताए दूसरी जगह शादी तय कर ली और गुपचुप तरीके से रस्में निभाने लगा।
मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती ने रोहित के घर के बाहर शादी का टेंट लगा देखा। पूछताछ करने पर पता चला कि सोमवार को मेहंदी की रस्म थी और मंगलवार को बारात जानी थी। युवती ने बिना देर किए कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूल्हे को थाने तलब किया। रोहित जब कोतवाली पहुंचा, तो उसके हाथों में शादी की मेहंदी रची हुई थी।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, कानूनी पेचीदगियों और पूछताछ के बाद उसे देर रात छोड़ दिया गया। कोतवाली में आधी रात बिताने के बाद आरोपी दूल्हा सुबह एक होटल पहुंचा और अपनी शादी की रस्में पूरी कीं। रुद्रपुर पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Select Language

Advertisement