देहरादून
देहरादून हत्याकांड: शहीद कर्नल की पत्नी पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट, बेटे की हत्या का है संगीन आरोप
देहरादून के अर्जुन शर्मा मर्डर केस में बड़ा मोड़। मां बीना शर्मा पर बेटे की हत्या की साजिश का आरोप, पुलिस अब गैंगस्टर एक्ट के तहत करेगी सख्त कार्रवाई।
देहरादून: राजधानी देहरादून के चर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड में पुलिस अब और भी सख्त रुख अख्तियार करने जा रही है। 11 फरवरी को परेड ग्राउंड के पास हुए इस सनसनीखेज कत्ल के मामले में मृतक की मां बीना शर्मा पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। ताजा जानकारी के अनुसार, देहरादून पुलिस अब बीना शर्मा और उनके करीबियों पर ‘गैंगस्टर एक्ट’ के तहत कार्रवाई करने की रूपरेखा तैयार कर रही है।
गौरतलब है कि जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक और शहीद कर्नल रमेश चंद शर्मा के बेटे अर्जुन शर्मा की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे लॉन टेनिस खेलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे। स्कूटी सवार दो शूटरों ने उनकी छाती में गोली उतार दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर शूटर भाइयों (पंकज और राजू राणा) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जांच की आंच जब घर तक पहुंची तो रिश्तों के कत्ल की खौफनाक कहानी सामने आई।
पुलिस जांच में संपत्ति और पैसों का विवाद हत्या की मुख्य वजह बनकर उभरा है। शहीद कर्नल की पत्नी बीना शर्मा की कारोबारी विनोद उनियाल और उसकी पत्नी संगीता से बढ़ती नजदीकियों ने परिवार में दरार पैदा कर दी थी। आरोप है कि बीना शर्मा ने करोड़ों रुपये विनोद को दिए थे, जिसका अर्जुन शर्मा लगातार विरोध कर रहे थे। बैंक ऑफ बड़ौदा से लिए गए आठ करोड़ के लोन और गैस एजेंसी की संपत्ति को लेकर मां-बेटे के बीच कानूनी जंग छिड़ी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुकदमे दर्ज कराए थे।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। आरोप है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए साजिशकर्ताओं ने पेशेवर अपराधियों का सहारा लिया। पुलिस का मानना है कि गैंगस्टर एक्ट लगने से इस संगठित अपराध में शामिल सभी चेहरों पर शिकंजा कसा जा सकेगा और उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को भी कुर्क किया जा सकेगा। फिलहाल, बीना शर्मा और अन्य आरोपी पुलिस की रडार पर हैं और जांच टीम पुख्ता सबूत जुटा रही है।
