Connect with us

देहरादून

देहरादून में हुड़दंगियों की खैर नहीं: मुख्य सचिव का सख्त आदेश, रात में बढ़ेगी गश्त

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर ली बैठक। बार क्लोजिंग टाइम और वीकेंड हुड़दंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश। पढ़ें पूरी खबर।

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लॉ एंड ऑर्डर को और अधिक मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक ली। शहर में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर मुख्य सचिव ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीकेंड (सप्ताहांत) पर देहरादून को हुड़दंगियों का अड्डा किसी भी सूरत में नहीं बनने दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने एसएसपी देहरादून को निर्देश दिए कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पीक ऑवर के साथ-साथ डे-नाइट और मॉर्निंग पेट्रोलिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पुलिस की सक्रियता से ही अपराधी और हुड़दंग मचाने वाले तत्वों में डर पैदा होगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बैठक में बार क्लोजिंग टाइम को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि निर्धारित समय के बाद बार या रेस्टोरेंट का संचालन कतई बर्दाश्त नहीं होगा। अवैध बार संचालकों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, पर्यटन के नाम पर बने होम स्टे की मैपिंग और निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इनका दुरुपयोग न हो सके।
दिल्ली-देहरादून हाईवे खुलने के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने विशेष तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान हो सके। बैठक में डीजीपी दीपम सेठ और सचिव गृह शैलेश बगौली समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन अब देहरादून की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव पीसी उपाध्याय समेत 5 के खिलाफ केस

Select Language

Advertisement