देहरादून
देहरादून: भाजयुमो नेता पर कार चढ़ाकर जानलेवा हमला, अपहरण की कोशिश से मचा हड़कंप
देहरादून के क्लेमनटाउन में भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष हर्ष वालिया पर जानलेवा हमला। आरोपियों ने कार चढ़ाने के बाद पिस्टल तानकर अपहरण का प्रयास किया। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र के नयागांव चंद्रबनी निवासी और भाजयुमो के मंडल उपाध्यक्ष हर्ष वालिया पर जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो दिन पहले थाने के भीतर हुई बहस का बदला लेने के लिए आरोपियों ने उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की और कनपटी पर पिस्टल तान दी।
घटनाक्रम की शुरुआत 18 अप्रैल को हुई थी, जब हर्ष अपने एक परिचित के साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर क्लेमनटाउन थाने पहुंचे थे। वहां दूसरे पक्ष के हार्दिक शर्मा, अभिनव काकरान और अन्य युवकों के साथ हर्ष की तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि आरोपियों ने थाने के भीतर ही हर्ष को जान से मारने की धमकी दी थी।
ठीक दो दिन बाद यानी 20 अप्रैल की शाम जब हर्ष गौतम कुंड के पास से अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की। कार रुकते ही उसमें से हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा और उनके साथी उतरे। आरोपियों ने हर्ष की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया।
हर्ष वालिया ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ को इकट्ठा होता देख आरोपियों का ध्यान भटका, जिसका फायदा उठाकर हर्ष सड़क किनारे की दीवार फांदकर एक खाली प्लॉट की ओर भाग निकले और अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने मौके से फरार होने की कोशिश की।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को कब्जे में ले लिया है। हर्ष वालिया की तहरीर पर हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान, चैतन्य और अर्पित राठी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
