हरिद्वार
हरिद्वार: रुड़की में दिल दहला देने वाली घटना, नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने निगला
रुड़की के बुग्गावाला में दर्दनाक हादसा। चीला वाली नदी में नहाने गए 12 साल के राजा को मगरमच्छ ने अपना शिकार बनाया। क्षेत्र में दहशत, वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा।
रुड़की। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ बुग्गावाला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में एक 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। इस खौफनाक मंजर के बाद से पूरे गांव में दहशत व्याप्त है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजा (पुत्र प्रमोद) के रूप में हुई है, जो गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था। गुरुवार दोपहर राजा अपनी साइकिल लेकर पास की चीला वाली नदी में नहाने गया था। चश्मदीदों और ग्रामीणों के अनुसार, नदी के किनारे बने गहरे पानी के गड्ढे में छिपे एक भारी-भरकम मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना की खबर फैलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए। गुरुवार देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन राजा का कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने नदी किनारे खून से लथपथ राजा का शव देखा। मगरमच्छ के हमले के निशान देखकर हर कोई दहल उठा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजा के पिता प्रमोद पेशे से मजदूर हैं और राजा उनके परिवार का इकलौता बड़ा बेटा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक भाई हैं। इस हादसे ने पूरे गांव को आक्रोशित कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल भी यहाँ मगरमच्छ देखे गए थे, लेकिन वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। क्षेत्र के लोगों ने अब प्रशासन और वन विभाग से नदी किनारे सुरक्षा घेरा बनाने और मगरमच्छों को वहां से हटाने की मांग की है। स्थानीय पुलिस ने लोगों को फिलहाल नदी और गहरे जलाशयों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
