Connect with us

उधमसिंह नगर

सितारगंज में एसटीएफ की बड़ी स्ट्राइक: डेढ़ करोड़ के हाथी दांत के साथ दो गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सितारगंज में STF और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई। 7.82 किलो हाथी दांत के साथ बीडीसी सदस्य का पति और साथी गिरफ्तार। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.5 करोड़।

सितारगंज। उत्तराखंड में वन्यजीव अंगों की तस्करी के खिलाफ एसटीएफ (STF) और वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार देर रात सितारगंज के कल्याणपुर क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने दो शातिर तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से लगभग 7.82 किलोग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हाथी दांत की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से हाथी दांत की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी सटीक इनपुट पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट और बाराकोली वन रेंज की टीम ने घेराबंदी की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शक्तिफार्म निवासी मृत्युंजय हलदार और माणिक मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी मौके पर ही सीज कर दिया है।
बरामद हाथी दांत की लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और गोलाई 13 इंच मापी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, माणिक मंडल, वर्तमान में एक बीडीसी (BDC) सदस्य का पति है। इस खुलासे के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाराकोली रेंज के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि तस्करों के तार किन बड़े गिरोहों से जुड़े हैं और यह हाथी दांत कहां से लाया गया था। इस सफल टीम में निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी और कृष्ण गोपाल मठपाल सहित कई अन्य जवान शामिल रहे।

Select Language

Advertisement