हल्द्वानी
हल्द्वानी में डिजिटल अरेस्ट कर महिला से 6 लाख की ठगी, सीबीआई का दिखाया डर
हल्द्वानी के कालाढूंगी में साइबर ठगों ने 26 वर्षीय महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 6 लाख रुपये ठगे। 2 करोड़ के सोने का लालच देकर बनाया मानसिक बंधक। पूरी खबर पढ़ें।
नैनीताल। जिले के कालाढूंगी (हल्द्वानी) क्षेत्र से साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ साइबर ठगों ने एक 26 वर्षीय महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उसके खाते से 6 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा दी। ठगों ने पहले महिला को करोड़ों रुपये के सोने का लालच दिया और बाद में कानूनी कार्रवाई का खौफ दिखाकर उसे मानसिक रूप से बंधक बना लिया।
ठगी की शुरुआत एक अज्ञात फोन कॉल से हुई, जिसमें ठगों ने महिला को बताया कि उसने 2 करोड़ रुपये का सोना इनाम में जीता है। इस सोने को कूरियर के जरिए घर भेजने के नाम पर ठगों ने महिला से 6 लाख रुपये की ‘प्रोसेसिंग फीस’ मांगी। ठगों के जाल में फंसी महिला ने अपनी सहेली की बीमारी का झूठा बहाना बनाकर रिश्तेदारों से उधार लेकर यह बड़ी रकम ठगों को भेज दी।
जब महिला ने और पैसे देने में असमर्थता जताई, तो ठगों ने अपना पैंतरा बदल लिया। उन्होंने महिला को डराया कि सोने की जानकारी सीबीआई (CBI) को दे दी गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस धमकी से महिला इतनी डर गई कि उसने खुद को घर में कैद कर लिया और किसी से बात करना बंद कर दिया। परिजनों को जब उसके व्यवहार पर शक हुआ, तब इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगों के खातों में भेजे गए 2.05 लाख रुपये तुरंत फ्रिज (Freeze) करा दिए गए हैं। पुलिस अब अन्य बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की गहनता से जांच कर रही है ताकि शेष राशि को भी वापस लाया जा सके।
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के भारी-भरकम इनाम या लॉटरी के झांसे में न आएं। पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी कभी भी वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार या बंधक नहीं बनाती है। यदि आपके पास भी ऐसा कोई संदिग्ध कॉल आता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
