Connect with us

उधमसिंह नगर

नानकमत्ता में महाराणा प्रताप जयंती समारोह: सीएम धामी ने मेधावियों को किया सम्मानित

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नानकमत्ता में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और जनजातीय विकास योजनाओं की घोषणा की।

नानकमत्ता (उधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस खास अवसर पर उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती पर महाराणा प्रताप जैसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना बेहद गौरव का विषय है। महाराणा प्रताप सिर्फ मेवाड़ के शासक नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की गाथा आज भी हर भारतीय को ऊर्जा से भर देती है। इसके साथ ही उन्होंने थारू समाज की परंपराओं, लोकगीतों और जीवनशैली को उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकलव्य मॉडल स्कूल और वन धन योजना जैसी कड़ियों से इस समाज को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। राज्य सरकार ने भी अटल आवास योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाई है, जिससे उधम सिंह नगर में जनजातीय परिवारों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी जा चुकी है।
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि खटीमा में बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ और बाजपुर में विद्यालय निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा जनजातीय महिलाओं के स्वरोजगार के लिए आजीविका मिशन के तहत करोड़ों रुपये की निवेश सहायता दी गई है। सरकार इस समाज की संस्कृति और अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, कार्यक्रम संयोजक व पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा सहित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Select Language

Advertisement