Connect with us

हल्द्वानी

लालकुआं पुलिस का बड़ा धमाका, हीटर में सोना छिपाकर भाग रहा शातिर चोर गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल की लालकुआं पुलिस ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में हुई कई बड़ी चोरियों का खुलासा किया है। बरेली का शातिर चोर भानु प्रताप भारी मात्रा में सोने के साथ दबोचा गया।

हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के लालकुआं थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बिन्दुखत्ता और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही नकबजनी और चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी एक बेहद शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से तीन अलग-अलग वारदातों से जुड़े भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 19 मई को बिन्दुखत्ता निवासी चंद्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से भारी मात्रा में सोने के जेवरात चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से 23 मई को पुलिस ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र से संदिग्ध आरोपी भानु प्रताप (21 वर्ष) निवासी बरेली को घेराबंदी कर दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो सब हैरान रह गए। आरोपी ने चोरी के गहनों को पुलिस से बचाने के लिए एक पंखानुमा हीटर के निचले हिस्से को खोलकर उसके भीतर छिपा रखा था। पुलिस ने हीटर खोलकर सोने के हार, नथ, मंगलसूत्र, चेन और मांगटीका सहित कई जेवरात बरामद किए।
सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह दिन में पैदल घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था और मौका पाकर ताला तोड़कर जेवरात उड़ा लेता था। आरोपी ने साल 2025 में इसी क्षेत्र में हुई दो अन्य बड़ी चोरियों की घटनाओं को भी अंजाम देना स्वीकार किया है। इस शानदार कामयाबी और त्वरित माल बरामदगी के लिए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 2,500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement