Connect with us

देहरादून

देहरादून के पित्थूवाला पॉलीटेक्निक में नकल पर बवाल: दरोगा पिता-पुत्र और शिक्षकों में मारपीट, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

Dehradun Polytechnic News: देहरादून के पित्थूवाला पॉलीटेक्निक में परीक्षा के दौरान नकल को लेकर भारी हंगामा। दरोगा और शिक्षकों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पित्थूवाला स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल को लेकर हुआ विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। कॉलेज परिसर में शुरू हुआ यह टकराव मारपीट और सीधे कानूनी कार्रवाई तक जा पहुंचा है। एक छात्र के दरोगा पिता, उनके पुत्र और कॉलेज के शिक्षकों के बीच हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अब दोनों ही पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में क्रॉस मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे इंजीनियरिंग-ड्रॉइंग प्रथम की परीक्षा के दौरान एक छात्र को कथित तौर पर नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था, जिसके बाद विवाद की चिंगारी भड़की। कॉलेज के शिक्षकों का आरोप है कि नकल में पकड़े जाने के बाद छात्र ने अपने पिता को फोन किया। इसके बाद दरोगा पद पर तैनात पिता अपने साथ कुछ बाहरी लोगों को लेकर सीधे कॉलेज के परीक्षा नियंत्रण कक्ष में धमक पड़े और वहां मौजूद शिक्षकों व महिला अधिकारियों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
इस मामले में कॉलेज के प्राचार्य अवनीश जैन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दरोगा महेश कंडवाल और उनके बेटे कबीर के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राचार्य का आरोप है कि इस हमले में एक महिला अधिकारी समेत चार कॉलेज अफसर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष अणिमा पंवार और सिविल इंजीनियरिंग के प्रवक्ता गौरव कुमार भी शामिल हैं। इस घटना के विरोध में उत्तराखंड पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ ने एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
दूसरी तरफ, आरोपी दरोगा महेश कंडवाल ने कॉलेज प्रशासन के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए शिक्षकों पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। दरोगा का दावा है कि कॉलेज में बकायदा नकल कराई जा रही थी और जब उनके बेटे कबीर ने इसका विरोध किया, तो लेक्चरर प्रभात खंडूड़ी और एचओडी पवन कुमार सहित अन्य स्टाफ ने उनके बेटे को बंधक बनाकर पीटा, पैसे मांगे और फेल करने की धमकी दी। दरोगा की इस तहरीर पर पुलिस ने भी चार शिक्षकों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया है। देहरादून पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की तहरीर पर निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Select Language

Advertisement