Connect with us

उत्तराखंड पुलिस

देहरादून में 25 लाख की साइबर ठगी: एसटीएफ ने बंगाल से पकड़ा मास्टरमाइंड

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून में 25 लाख रुपये की साइबर ठगी का भंडाफोड़। उत्तराखंड एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल से गिरोह के मुख्य सदस्य जियाउर गाजी को गिरफ्तार किया।

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ (STF) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने करीब 25 लाख रुपये की डिजिटल ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के मुख्य सदस्य जियाउर गाजी (40) को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से साइबर ठगों का नेटवर्क चलाने में मदद कर रहा था।
मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि देहरादून निवासी एक पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। ठगों ने पीड़ित का मोबाइल हैक करके ई-मेल आईडी और नंबर बदल दिए थे। इसके बाद आरोपियों ने उनकी कंपनी के बैंक खाते से 24.95 लाख रुपये गायब कर दिए थे।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों का गहराई से विश्लेषण किया। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने पश्चिम बंगाल के हाबरा बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह गिरोह को फर्जी बैंक खाते, एटीएम और सिम कार्ड मुहैया कराता था।
आरोपी ने “गाजी इंटरप्राइजेज” के नाम से फर्जी फर्म बनाकर कई करंट अकाउंट खोले थे। ठगी की रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर होती थी, जिसे आरोपी चेक और एटीएम के जरिए निकालकर गिरोह तक पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई के बाद एसटीएफ अब गिरोह के अन्य सहयोगियों और वित्तीय नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है। उत्तराखंड में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस लगातार नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। मामले में आगे की कानूनी कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।

Select Language

Advertisement