Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में हरित परिवहन क्रांति: CM धामी ने दी सब्सिडी और 11 वाहन किए रवाना

Published

on

खबर शेयर करें 👉

CM पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी चेक बांटे और 11 स्वच्छ ईंधन वाहनों को फ्लैग ऑफ किया।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024’ के तहत 6 वाहन स्वामियों को सब्सिडी चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही परिवहन विभाग द्वारा 5 अन्य लाभार्थियों की स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह आर्थिक सहायता केवल एक सहयोग राशि नहीं है। यह उत्तराखंड को हरित और आधुनिक परिवहन की ओर ले जाने का संकल्प है। इस पहल से शहरी क्षेत्रों में डीजल वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण में भारी कमी आएगी। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि विकास तभी सार्थक है, जब वह प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखे और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य और लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE) अभियान भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उत्तराखंड सरकार इसी विजन के साथ राज्य में ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे, इलेक्ट्रिक बसों और रोपवे परियोजनाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। इसके अलावा, पीएम सूर्य घर योजना में राज्य ने 40 हजार रूफटॉप सोलर का लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया है।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल और परिवहन सचिव रविनाथ रमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सब्सिडी प्राप्त करने वाले वाहन स्वामियों को राज्य में ‘हरित परिवहन क्रांति का अग्रदूत’ बताया और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।

Select Language

Advertisement