Connect with us

देहरादून

देहरादून के क्लेमेंटटाउन में दर्दनाक हादसा, नाले में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित नई बस्ती में बरसाती नाले के तेज बहाव में दो सगी मासूम बहनें बह गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां बरसाती नाले के तेज बहाव में डूबने से दो सगी मासूम बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे स्थानीय निवासी राजेश मित्तल ने क्लेमेंटटाउन थाने को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दुर्गा मंदिर के पास बने बरसाती नाले के तेज बहाव में दो बच्चियां बह गई हैं। दोनों बच्चियां बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे जाकर फंस गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और 3 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है।
पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। बच्ची की मां रीना कुमारी ने बताया कि दोपहर में दोनों बच्चियां घर के बाहर खेलने निकली थीं। इसी दौरान नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और यह हादसा हो गया।
घटना के वक्त बच्चियों के पिता किसी काम से बिहार गए हुए थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस इस मामले की पूरी वैधानिक जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान बरसाती नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement