हरिद्वार
हर की पौड़ी पर श्रद्धालुओं से खिलवाड़: यूरिन घर पर जड़ा ताला, बाहर खुली दुकान
हरिद्वार हर की पौड़ी पर सुलभ शौचालय के पुरुष यूरिन घर पर ताला लटकने से कांवड़िए परेशान हैं। सार्वजनिक जगह पर दुकान चलने से प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे प्रमुख धार्मिक स्थल हर की पौड़ी पर श्रद्धालुओं और शिवभक्तों की सुविधाओं के साथ बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्थित सुलभ शौचालय के पुरुष यूरिन घर (Urinal) पर ताला जड़ दिया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि बंद यूरिन घर के ठीक बाहर बेधड़क दुकान चलाई जा रही है।
चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए हर की पौड़ी पहुंच रहे हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधा का बंद होना भक्तों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। शौच और यूरिन जैसी प्राथमिक सुविधा न मिलने के कारण कांवड़ियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस पूरी घटना ने स्थानीय शासन और व्यवस्थापकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर सार्वजनिक यूरिन घर पर ताला लगाने का आदेश किसने दिया? इसके अलावा शौचालय परिसर के ठीक बाहर दुकान संचालित करने की अनुमति किस अधिकारी की शह पर मिली, यह भी जांच का विषय है।
लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद ऐसी बदहाली प्रशासनिक अनदेखी को उजागर करती है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने हरिद्वार जिला प्रशासन, नगर निगम और मेला प्रशासन से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यूरिन घर को तुरंत खोला जाए और इस लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो।
