उधमसिंह नगर
काशीपुर में भीषण सड़क हादसा: टैंकर ने स्कूली छात्रों को रौंदा, 1 की मौत 2 गंभीर
काशीपुर में स्कूल जा रहे तीन छात्रों को बेकाबू टैंकर ने मारी टक्कर। 10वीं के छात्र शिवम की मौत, दो साथी गंभीर। चालक फरार, ग्रामीणों ने लगाया जाम।
काशीपुर। गुरुवार सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना सामने आई है। स्कूल जा रहे तीन छात्रों को एक तेज रफ्तार और बेकाबू टैंकर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा बरखेड़ी मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक छात्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। वह अपने रिश्ते के भाइयों वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर की गति बहुत तेज थी और उसने बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायल बच्चों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर स्कूल समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार टैंकर चालक की तलाश कर रही है।
