Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में सर्पदंश से युवक की मौत, मोर्चरी के बाहर रोती मां बोली- मेरा लाल जिंदा है

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में सर्पदंश से 20 वर्षीय युवक की मौत। सदमे में डूबी मां मोर्चरी के बाहर बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने की जिद करती रही।

हल्द्वानी। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में शनिवार को एक अत्यंत हृदयविदारक घटना देखने को मिली। जहरीले सांप के काटने से जान गंवा चुके 20 वर्षीय युवक की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में डूब गए। मोर्चरी के बाहर बिलखती मां का मन यह मानने को तैयार ही नहीं था कि उसका जवान बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के सुर्जेनगर निवासी दीपक कुमार (20) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे दीपक अपने घर के पास स्थित गन्ने के खेत में मवेशियों के लिए पत्तियां काटने गया था। इसी दौरान खेत में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत नजदीकी बाजपुर अस्पताल ले गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोपहर ढाई बजे उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मां अस्पताल परिसर में ही बदहवास होकर बेहोश हो गई।
मोर्चरी के बाहर होश में आते ही मां रोते-बिलखते हुए शव को बिना पोस्टमार्टम के सौंपने की गुहार लगाने लगी। सदमे में डूबी मां बार-बार यही रट लगाती रही कि उसके बेटे को कुछ नहीं हुआ है और वह तीन-चार दिनों में खुद चलने लगेगा। डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने के बाद मां को ढांढस बंधाया गया।
मेडिकल चौकी प्रभारी मनमोहन सिंह रौतेला ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई समाप्त होने के बाद पुलिस ने पार्थिव शरीर को रोते-बिलखते परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दुखद घटना से मृतक के गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

Select Language

Advertisement