देहरादून
भाजपा संयुक्त मोर्चा बैठक: सीएम धामी और राम माधव ने बनाया बूथ मजबूती का प्लान
देहरादून में भाजपा की संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ बैठक आयोजित हुई। सीएम धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव और बांसुरी स्वराज की मौजूदगी में बूथ मजबूती पर मंथन।
देहरादून। देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य रूप से शिरकत की। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और बूथ स्तर तक संगठन को अत्यधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने की भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नवनियुक्त भाजपा उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव, सह-प्रभारी श्री अरविंद मेनन एवं सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के राज्य स्तरीय संयोजक भी इस बैठक में शामिल हुए।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जन-जन से सीधा संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करें।
बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारियों ने संगठन के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए आगामी अभियानों की रूपरेखा तय की। इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन को पूरी तरह सक्रिय और सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत हो सके।
