नैनीताल
नैनीताल हादसे में कैंची धाम से लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालु की मौत, 4 घायल
नैनीताल के भूमियाधार में कैंची धाम से लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी। करनाल के सोनू की मौत, 4 घायल। SDRF ने रात में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।
नैनीताल। शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैंची धाम मंदिर के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ज्योलीकोट पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शनिवार शाम ढलने के कारण इलाके में घना अंधेरा छाया हुआ था। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए गहरी खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरियाणा के करनाल जिले के निवासी अभय कुमार अपने दोस्तों के साथ कैंची धाम के दर्शन करने आए थे। शनिवार शाम दर्शन करने के बाद सभी दोस्त अपनी स्कॉर्पियो कार से वापस हरियाणा लौट रहे थे। जब गाड़ी भूमियाधार के समीप पहुंची, तब मोड़ पर अचानक आए घने कोहरे के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में गिर गई।
इस हादसे में करनाल निवासी 27 वर्षीय अभय, 22 वर्षीय राहुल और 30 वर्षीय विनोद को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कार सवार नरूगढ़ी निवासी सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पानीपत निवासी विक्रम को मामूली चोटें आई हैं जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।
