Connect with us

देहरादून

देहरादून में खौफनाक वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के मांडुवाला में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतारा। शराब पिलाकर जंगल में की हत्या, दून पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा।

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडुवाला में हुई एक श्रमिक की सनसनीखेज हत्या का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और बड़ी ही बेरहमी से घटना को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 3 अक्टूबर को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मदन मुखिया (निवासी बिहार, हाल निवासी मांडुवाला) के रूप में हुई। मदन की गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान थे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून परमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर फोरेंसिक टीम और पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी बीच पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी ललन शर्मा को मांडुवाला-सुंदरवाला मार्ग से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ी पूछताछ में ललन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसका मृतक की पत्नी मीना के साथ पिछले दो-तीन सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब मदन को इस बात की भनक लगी तो दोनों ने उसे खत्म करने का प्लान बनाया।
योजना के तहत मीना मदन को मांडुवाला के जंगल में ले गई, जहां आरोपी ललन पहले से मौजूद था। वहां मदन को अत्यधिक शराब पिलाई गई और फिर ललन ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को गहरी खाई में फेंक दिया और हथियार झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (चाकू) बरामद कर मृतक की पत्नी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया है।

Select Language

Advertisement